बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने की प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है। बीएसएल के अधीन झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस से शुरू हुई कार्रवाई में अब एक और अधिकारी को नौकरी से हटाया गया है।
चासनाला कोल वाशरी के महाप्रबंधक मो. अदनान के बाद सिविल एवं टाउनशिप विभाग के उप महाप्रबंधक विशाल कुमार बंसल को भी सेल प्रबंधन ने अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी है।
आंतरिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर फैसला
जानकारी के मुताबिक, सेल प्रबंधन की ओर से अलग-अलग इकाइयों में गठित आंतरिक स्थायी समितियों की रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों के प्रदर्शन और कार्यप्रणाली की समीक्षा की जा रही है। कंपनी के आचरण, अनुशासन और अपील नियमों के तहत प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए समय से पहले अनिवार्य सेवानिवृत्ति का निर्णय लिया जा रहा है।
करीब एक दर्जन अधिकारियों की सूची तैयार होने की चर्चा
बताया जा रहा है कि बोकारो स्टील प्लांट समेत सेल की विभिन्न इकाइयों में करीब एक दर्जन अधिकारियों के प्रदर्शन और सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा की जा रही है। इसमें अधिकारियों के कामकाज, सीसीआर में मिले ग्रेड और विभागीय स्तर पर सामने आई शिकायतों समेत अन्य पहलुओं का आकलन किया जा रहा है।
प्रबंधन के मानकों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई का अंतिम निर्णय प्रबंधन की आंतरिक प्रक्रिया और रिपोर्ट के आधार पर लिया जा रहा है।

