राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के बड़वानी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनता की शिकायत पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सीएम ने अलग-अलग योजना में लापरवाही पाए जाने पर मंच से 7 अफसरों को सस्पेंड कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में डिप्टी कलेक्टर, तत्कालीन CEO, पटवारी और CMO शामिल हैं। 

दरअसल, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव बड़वानी पहुंचे थे। इस दौरान समीक्षा रिपोर्ट में उन्हें कई शिकायतें मिली। राजपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) के पंजीयन / राशि के भुगतान में लापरवाही मिलने और विलंब मिलने पर संबंधित तहसीलदार आशा परमार (वर्तमान में धार डिप्टी कलेक्टर) को निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए। मामले में दोषी पाए गए दो पटवारियों मांगीलाल नरगावे और ललित बोरसे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

इसी तरह राजपुर  नगर परिषद में प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही पर दो मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) मायाराम सोलंकी और जगदीश धांगड़ को निलंबित कर दिया। राजपुर के सहायक यंत्री (AE) राजू डावर को भी सस्पेंड कर दिया गया। वहीं संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन इंदौर एस. के. सिन्हा को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया गया है।

इसी तरह पानसेमल मध्य प्रदेश असंगठित शहरी/ग्रामीण कर्मकार मण्डल संबल योजना के तहत अंत्येष्टि और अनुग्रह सहायता राशि के भुगतान में विलंब पर भी कार्रवाई हुई है। हितग्राही को सहायता राशि न मिलने और शासकीय कार्य में लापरवाही पाए जाने पर सीएम ने पानसेमल जनपद पंचायत के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सौरभ सिंह राठौर (वर्तमान में मुरैना के जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक) को निलंबित करने के निर्देश जारी किए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m