० स्विफ्ट कार से वाणिज्यिक मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त, फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
हिसार। हरियाणा में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स सेल ने कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से 53 किलो 240 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस की नाकाबंदी के दौरान कार में सवार तीनों तस्कर वाहन छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने कार को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
नाकाबंदी देखकर खेतों की ओर भागे तस्कर
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम एनएच-9ए पर रायपुर रेलवे पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार में तीन युवक भारी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर हिसार की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही रायपुर चौक के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर कार सवार तीनों आरोपी वाहन छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गए।
राजस्थान नंबर की कार से मिला
प्रारंभिक जांच में कार राजस्थान के करौली जिले में पंजीकृत मिली। वाहन मालिक और कार किराये पर लेने वाले व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई है, जिसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
तीन कट्टों में मिला 53.240 किलो डोडा पोस्त
कानूनी प्रक्रिया के तहत कार की तलाशी लेने पर तीन प्लास्टिक के कट्टों से कुल 53 किलो 240 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसमें पहले कट्टे से 20.300 किलो, दूसरे से 17.320 किलो और तीसरे से 15.620 किलो डोडा पोस्त मिला। बरामद नशीले पदार्थ और कार को पुलिस ने जब्त कर सील कर दिया है।
‘नशामुक्त हरियाणा’ अभियान जारी
डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि ‘नशामुक्त हरियाणा अभियान’ के तहत एक ओर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम तथा खेल गतिविधियों का आयोजन कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

