सोनू वर्मा ,नूंह। नूंह। तावडू पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी के एक अहम मामले का खुलासा किया है। थाना शहर तावडू के प्रभारी नरेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया।


शिकायतकर्ता डॉ. राम अवतार के अनुसार, रेवाड़ी रोड स्थित सर छोटूराम नगर में उनकी निर्माणाधीन अस्पताल बिल्डिंग से 24/25 मार्च 2026 की रात बिजली के कीमती तार, एल्युमीनियम गेट सहित अन्य सामान चोरी हो गया था। मौके पर तैनात चौकीदार अजरुद्दीन घटना के बाद से लापता था, जिससे उस पर शक गहराया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने टीम गठित कर तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान चौकीदार अजरुद्दीन की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आम लोगों से की अपील
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया। इस कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।इस कार्रवाई के बाद तावडू क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।