मनेंद्र पटेल, दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र के स्क्रैप चोरी मामले में दो और आरोपियो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस बार चोरी के लोहे को खरीदने वाले रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड रसमड़ा के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। इन रसूखदारों की गिरफ्तारी ने एक बार फिर से स्क्रैप चोरी मामले में जांच तेज कर दी है।

पुरानी भिलाई थाने में दर्ज बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में पहले ही 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें मुख्य आरोपी संजय सिंह स्क्रैप कारोबारी और भाजपा नेता भास्कर मुदलियार समेत 5 आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आ चुके है। वहीं दो आरोपी हिमांशु खंडेलवाल और गिरीश खंडेलवाल ने अग्रिम जमानत ले ली है।

पुलिस की जांच पर बार-बार चोरी के लोहे को खरीदने वालों पर कार्रवाई नहीं करने पर सवाल खड़े हो रहे थे। इस बार पुलिस को चोरी के लोहे को लंबे समय से औद्योगिक संस्थानों में खपाए जाने के संबंध में कई अहम सबूत हाथ लगे, जिसके आधार पर इस मामले में रायपुर पावर एंड इस्पात के दो डायरेक्टर विनोद गर्ग और मोहित गर्ग को गिरफ्तार किया है।

लाखों के स्क्रैप समेत कई गाड़ियां हुई थी जब्त

थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र में यह पूरा मामला 26 मई 2026 को सामने आया था, जिसमें अकलोरडीही खदान पारा स्थित एके टेड्रर्स से लगभग 90 लाख कीमत के लोहे के स्क्रैप बरामद किए गए थे। इसके अलावा लगभग 2 करोड़ कीमत के हाइवा, क्रेन जैसी गाड़ियां जब्त की गई थी। इस मामलें में जांच के दौरान अब तक पुलिस ने 19 आरोपियों की गिरफ्तारी की है।

गिरफ्तार आरोपियों से मिली अहम जानकारी

पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में विवेचना के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों से प्राप्त जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड रसमडा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाए जाने के संबंध में कई अहम जानकारियां मिली थी। इस आधार पर रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड रसमड़ा के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H