संजय पाटीदार, भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में पेपर चोरी केस में बड़ी कार्रवाई की गई है। RGPV ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. अर्चना तिवारी को पद से हटा दिया है। उनकी जगह प्रोफेसर संजीव शर्मा को परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपते हुए नियुक्ति दी गई है। उप कुलसचिव ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
दरअसल, भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के सेकंड ईयर का पेपर था। बताया जा रहा है कि चौथे सेमेस्टर के कंप्यूटर का एग्जाम था। सुबह 11 बजे स्टूडेंट परीक्षा देने पहुंचे तो विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पेपर स्थगित हो गया है। वहीं आरजीपीवी प्रबंधन ने गांधीनगर थाने में पेपर चोरी होने की FIR दर्ज करवाई है। प्रबंधन ने पुलिस ने कहा कि कल देर रात पेपर चोरी हो गया।
कुलपति ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब
वहीं आरजीपीवी के कुलपति आलोक शर्मा ने स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी की डायरेक्टर अर्चना तिवारी को नोटिस जारी किया था। मामले को लेकर तीन दिन में जवाब मांगा गया था। कुलपति ने कहा कि विभाग से चोरी या अनाधिकृत रूप से लुप्त हो गया पेपर, ये गंभीर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। पेपर की गोपनीयता का ध्यान रखना चाहिए था, इससे विश्वविद्यालय की छवि धूमिल हुई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

