कृष्ण कुमार सैनी,कुरुक्षेत्र। हरियाणा की उच्च शिक्षा प्रणाली एक बार फिर गंभीर विवादों के घेरे में आ गई है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (KUK) में आयोजित परीक्षा को लेकर बड़े पैमाने पर नकल के आरोप सामने आए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि 22 अप्रैल 2026 को लाइफ साइंसेज के अंग्रेजी पेपर के दौरान परीक्षा में व्यापक स्तर पर नकल हुई। उनका आरोप है कि परीक्षा हॉल में 50 प्रतिशत से अधिक छात्रों ने मोबाइल फोन और Google Lens जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर नकल की।
परीक्षा केंद्रों में निगरानी व्यवस्था थी कमजोर
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्रों में निगरानी व्यवस्था बेहद कमजोर थी और निरीक्षक अपनी भूमिका ठीक से निभाते नजर नहीं आए। साथ ही CCTV जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर भी सवाल उठाए गए हैं।
सुरजेवाला ने इस पूरे मामले को “शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता” बताते हुए सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया कि प्रतिबंध के बावजूद छात्रों तक मोबाइल फोन कैसे पहुंचे और इसमें किस स्तर की लापरवाही या मिलीभगत शामिल है।
जांच की मांग हुई तेज
उनके अनुसार, इस तरह की घटनाएं मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय हैं और इससे डिग्रियों की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।फिलहाल, इस मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, मामला अब राजनीतिक रूप से तूल पकड़ चुका है और जांच की मांग तेज होती दिख रही है।

