लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक टाटा हेक्सा कार से करीब 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद की है। साथ ही मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं मोबाइल फोन, हेरोइन और कार समेत कुल 11.83 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी बालोद विनय साहू के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 28 अक्टूबर की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड बालोद के पीछे सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार क्रमांक CG 17 KM 4455 खड़ी है। कार में चालक की सीट पर बैठा व्यक्ति हेरोइन और देशी पिस्टल रखे हुए है।

सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए एएनटीएफ की टीम गवाहों और आवश्यक सामग्री के साथ मौके पर पहुंची। वहां कार में चालक की सीट पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू, पिता सुनील बंसोड़ (25 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेलवे कॉलोनी, जिला बालोद बताया।

हेरोइन और पिस्टल बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड के अंदर एक पारदर्शी झिल्ली में रखा हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद हुई। नियमानुसार मादक पदार्थ का परीक्षण और तौल किया गया। हेरोइन का कुल वजन करीब 6.40 ग्राम पाया गया। वहीं देशी पिस्टल के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ और हथियार को जब्त कर लिया।

जब्त सामग्रियों की जानकारी

पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जिसकी अनुमानित कीमत 1,28,000 रुपये है, देशी पिस्टल जिसकी कीमत करीब 50,000 रुपये है, आईक्यू कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन जिसकी कीमत 5,000 रुपये है और 10 लाख रुपये कीमत की टाटा हेक्सा कार जब्त की है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 11,83,000 रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू के विरुद्ध बालोद थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस मामले में बरामद मादक पदार्थ और हथियार के संबंध में आगे विवेचना कर रही है।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, आरक्षक बनवाली साहू, आरक्षक चुलेन्द्र कुर्रे, आरक्षक भूपेश साहू, आरक्षक संजय सोनी और एएनटीएफ बालोद की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या अवैध हथियारों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आमजन से सहयोग करने की अपील की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H