पानीपत। Panipat में टेक्सटाइल व्यापारियों को निशाना बनाकर एक बड़े संगठित ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है। इस गिरोह ने खुद को प्रतिष्ठित और अमीर व्यापारी बताकर करीब 70 से ज्यादा व्यापारियों से करोड़ों रुपये का माल उधार लेकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया और बाद में फरार हो गए।

खुद को बताता था बड़ा बिजनेसमैन
कृष्णा नगर निवासी और गाबा टेक्सटाइल के मालिक प्रेम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अप्रैल 2024 को चार युवक उनकी फैक्ट्री में आए थे। इन लोगों ने अपना परिचय दीपक कपूर, प्रीत सिंह, राज रत्तन और राहुल कुमार के रूप में दिया और खुद को बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों का मालिक बताया।
आरोपियों ने महंगे कपड़े और लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल कर व्यापारियों का भरोसा जीता और बड़ी मात्रा में बेडशीट्स का ऑर्डर दिया, जिसकी कुल कीमत लगभग 2.28 लाख रुपये थी।

शिकायत के अनुसार, शुरुआती माल भेजने के बाद आरोपियों ने भुगतान के लिए चेक दिया, लेकिन बैंक में वह बाउंस हो गया। बाद में दिया गया दूसरा चेक भी अमान्य निकला।जब व्यापारी अपनी पेमेंट लेने के लिए बताए गए सेक्टर-25 स्थित कथित फैक्ट्री पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद हथियारबंद लोगों ने उन्हें धमकी देकर भगा दिया।


व्यापारियों ने कार्रवाई को लेकर जताया आक्रोश
जांच में सामने आया है कि यह एक सुनियोजित गिरोह है जो पहले व्यापारियों की जानकारी जुटाता है, फिर खुद को बड़े कारोबारी दिखाकर विश्वास जीतता है और माल उधार लेकर उसे बाजार में कम दामों पर बेचकर फरार हो जाता है।व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई में भी ढिलाई बरती जा रही है, जिससे उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
Panipat के तहसील कैंप थाना पुलिस ने इस मामले में 4 नामजद आरोपियों सहित पूरे गिरोह के खिलाफ BNS की धारा 111(2)(b) (संगठित अपराध) और 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।