रांची। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को सीबीआई की टीम ने रांची और धनबाद में एक साथ 5 ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 48,400 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में CISF के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

सीबीआई के मुताबिक गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान सीआईएसएफ के सीनियर अकाउंट अधिकारी संतोष कुमार महतो, सहायक अकाउंट अधिकारी सुनील कुमार और सहायक अकाउंट अधिकारी सुजीत कुमार के रूप में हुई है।तीनों अधिकारियों पर 48,400 रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान सीबीआई टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

रांची और धनबाद के 5 ठिकानों पर एक साथ छापा

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने आरोपित अधिकारियों से जुड़े रांची और धनबाद के पांच ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।सीबीआई की कार्रवाई में आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ कुछ नकदी भी मिलने की जानकारी सामने आई है।

दस्तावेजों की जांच जारी

फिलहाल सीबीआई की टीम सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच कर रही है। रिश्वत मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और लेन-देन से संबंधित साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। मामले में आगे और कार्रवाई की संभावना है।