विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के स्कूलों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। सरकार का लक्ष्य अब स्कूलों में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षित माहौल को भी प्राथमिकता देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के सभी स्कूलों में स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं से लैस शौचालय तैयार किए जाएंगे। साथ ही छात्रों के बीच नियमित हाइजीन अवेयरनेस प्रोग्राम चलाए जाएंगे, ताकि लड़के और लड़कियां दोनों मासिक धर्म और स्वच्छता से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकें।
सरकार ने हर स्कूल में मेडिकल रूम और विशेष “मेनस्ट्रुएशन कॉर्नर” बनाने का फैसला लिया है। इन कॉर्नर्स में सैनिटरी नैपकिन, इनरवियर और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा स्कूलों के वॉशरूम में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने की प्रक्रिया को भी तेज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन से जुड़ा स्कूलवार डेटा तैयार किया जाएगा। वहीं सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को “हौसलों की उड़ान” कार्यक्रम से जोड़कर उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए जल्द ही एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। यह नंबर स्कूलों की दीवारों और मुख्य गेट पर लगाया जाएगा ताकि कोई भी आसानी से शिकायत या सुझाव दे सके।
इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों में आरओ वाटर कूलर लगाने और 5 जून से अगस्त तक बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की घोषणा की है। स्कूलों में सफेदी, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इन कदमों से स्कूलों का माहौल अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और छात्रहितैषी बनेगा, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों को फायदा मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

