कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि प्रदेश सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि सरकारी अस्पतालों में प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए साफ-सफाई और सुरक्षा सेवाओं को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में महिला मरीजों, नर्सों, डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई। उन्होंने कुरुक्षेत्र के लोक नायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए यौन उत्पीड़न मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि आरोपी कंसल्टेंट के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा सरकार ने तत्काल प्रभाव से उसकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
आरती Singh Rao ने बताया कि चरखी दादरी में निर्माणाधीन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर रखा जाएगा। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह लंबे समय से इस नामकरण के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि ऐसे निर्णय युवाओं को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सभी जिलों में गायनेकोलॉजिस्ट, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और पीडियाट्रिशियन की उपलब्धता सुनिश्चित करना है ताकि महिलाओं और बच्चों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रदेश में करीब 104.16 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 15वें वित्त आयोग के तहत राज्य में 766 नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें 597 उप-स्वास्थ्य केंद्र, 51 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तथा 111 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ सेंटर शामिल हैं, जिनसे ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मरीजों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के 600 स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-ईसीजी सेवाएं शुरू की जा रही हैं। वहीं सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 23 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी स्थापित की गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे स्वयं समय-समय पर औचक निरीक्षण कर इन फार्मेसियों में दवाओं की उपलब्धता का जायजा लेती हैं।
पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में भी सरकार कदम बढ़ा रही है। आरती सिंह राव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन एनर्जी विजन के अनुरूप अब सरकारी अस्पतालों में सोलर प्लांट स्थापित करने की तैयारी की जा रही है और हरियाणा सरकार इस योजना को तेजी से लागू करने की दिशा में काम कर रही है।

