Technology Desk: Apple अपने अगले स्लिम स्मार्टफोन iPhone Air 2 को लेकर चर्चा में है। कंपनी ने iPhone Air को खासतौर पर इसकी पतली और हल्की डिजाइन के लिए पेश किया था। अब इसके अगले मॉडल में डिजाइन के साथ फीचर्स पर भी ज्यादा ध्यान दिया जा सकता है।
नए iPhone Air 2 में बेहतर डिस्प्ले, दमदार प्रोसेसर और अपग्रेडेड कैमरा मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस बार फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इससे फोटोग्राफी और बैटरी लाइफ के मामले में यूजर्स को बेहतर अनुभव मिल सकता है। हालांकि, Apple ने अभी तक इस फोन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
iPhone Air 2 में मिल सकता है 120Hz OLED डिस्प्ले
GSMArena की रिपोर्ट के मुताबिक, टिपस्टर Digital Chat Station ने iPhone Air 2 के संभावित फीचर्स की जानकारी दी है। इसके अनुसार, नए फोन में 6.55 इंच का फ्लैट OLED डिस्प्ले मिल सकता है। इसका रिफ्रेश रेट 120Hz होने की उम्मीद है। वहीं, डिस्प्ले का रेजोल्यूशन 1.5K+ हो सकता है। 120Hz रिफ्रेश रेट की मदद से स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और एनिमेशन ज्यादा स्मूद नजर आएंगे। वीडियो देखने और गेमिंग का अनुभव भी बेहतर हो सकता है।
पहली बार मिल सकता है डुअल 48MP कैमरा सेटअप
कैमरे के मामले में iPhone Air 2 में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौजूदा iPhone Air में सिंगल रियर कैमरा मिलता है। लेकिन नए मॉडल में Apple डुअल कैमरा सेटअप दे सकता है। इसमें 48MP का प्राइमरी वाइड एंगल कैमरा और 48MP का अल्ट्रा वाइड एंगल कैमरा शामिल हो सकता है। इससे यूजर्स को अलग-अलग एंगल से फोटो खींचने की सुविधा मिलेगी। लैंडस्केप और ग्रुप फोटो लेने में भी यह सेटअप काम आ सकता है।

A20 चिपसेट से मिलेगी बेहतर परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस के लिए iPhone Air 2 में Apple का A20 सीरीज चिपसेट दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चिपसेट 2nm प्रोसेस पर आधारित हो सकता है। इसी प्रोसेसर का इस्तेमाल iPhone 18 Pro सीरीज और iPhone Duo में भी किए जाने की चर्चा है। नया प्रोसेसर फोन की स्पीड और पावर एफिशिएंसी को बेहतर बना सकता है। इससे रोजमर्रा के काम और हैवी ऐप्स इस्तेमाल करने में भी मदद मिलेगी।
बैटरी में भी हो सकता है बड़ा अपग्रेड
iPhone Air की बैटरी को लेकर यूजर्स की उम्मीदें ज्यादा रही हैं। ऐसे में Apple नए मॉडल में बड़ी बैटरी दे सकता है। पुरानी रिपोर्ट में iPhone Air 2 की बैटरी करीब 3,500mAh या उससे ज्यादा होने की बात कही गई थी। हालांकि, नए लीक्स में बैटरी की सटीक क्षमता सामने नहीं आई है। बड़ी बैटरी और नए प्रोसेसर के साथ फोन की बैटरी लाइफ बेहतर हो सकती है।
कब लॉन्च हो सकता है iPhone Air 2?
लीक्स के मुताबिक, Apple iPhone Air 2 को अगले साल स्प्रिंग में पेश कर सकता है। इसे iPhone 18 और iPhone 18e के साथ लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। डिजाइन की बात करें तो फोन का लुक मौजूदा iPhone Air जैसा ही रह सकता है। इसकी मोटाई करीब 5.2mm होने की संभावना है। इसके अलावा, फोन में Apple का N2 वायरलेस चिपसेट और C2 मॉडेम भी मिल सकता है।
फिलहाल iPhone Air 2 की लॉन्च डेट और फीचर्स को लेकर Apple ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। सामने आई सभी जानकारियां लीक्स और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। ऐसे में फोन के असली फीचर्स लॉन्च के समय ही साफ होंगे।

