सुमन चौहान, करनाल। जिले के असंध शहर में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की बारीकी से जांच की और अधिकारियों को काम तय समय में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

असंध में 100 बेड का आधुनिक अस्पताल
डीसी ने सबसे पहले 76 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बन रहे 100 बेड के अस्पताल का निरीक्षण किया। यह अस्पताल 3.58 एकड़ जमीन में तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण में कोई देरी न हो, ताकि इस इलाके के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं जल्दी मिल सकें। असंध के आसपास के शहरों जैसे करनाल, कैथल, जींद और पानीपत के लोगों के लिए यह अस्पताल एक बड़ी राहत साबित होगा।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के टेंडर में देरी पर नाराजगी
इसके बाद डीसी ने 20 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का जायजा लिया। काम की धीमी गति देखकर उन्होंने नगर पालिका सचिव से सवाल-जवाब किए। पता चला कि टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने के कारण काम रुका हुआ है। डीसी ने तुरंत दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, जिम और लॉन टेनिस जैसी बेहतरीन खेल सुविधाएं दी जाएंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।
दफ्तरों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीसी ने एसडीएम और तहसील कार्यालयों में भी कामकाज की स्थिति देखी। उन्होंने साफ कहा कि ऑनलाइन सेवाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए। किसी को भी अपने काम के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही जमीन की निशानदेही कराने आए कुछ लोगों की शिकायत पर उन्होंने तहसीलदार को 1 सप्ताह के भीतर काम पूरा करने का आदेश दिया।
इस दौरान एडीसी डॉ. राहुल रइया, एसडीएम सुमित सिहाग और डीएसपी गोरखपाल राणा सहित संबंधित विभागों के सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
- Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
- https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

