ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत और लंबे समय से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आने को लेकर जारी अटकलों के बीच एक ईरानी राजनयिक ने बड़ा दावा किया है। राजनयिक अब्दुल माजिद हकीम इलाही के मुताबिक, मोजतबा पूरी तरह स्वस्थ हैं और सक्रिय रूप से देश का कामकाज संभाल रहे हैं।
मोजतबा खामेनेई के साथ 7 घंटे की बैठक
इलाही ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि पिछले सप्ताह उनकी मोजतबा खामेनेई के साथ करीब सात घंटे तक बैठक हुई थी। इसमें राष्ट्रपति और सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। उन्होंने यह भी कहा कि संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ जल्द ही मोजतबा से मुलाकात कर सकते हैं।
हमले के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं आए नजर
मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमले में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत के बाद से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। रिपोर्टों में उनके गंभीर रूप से घायल होने का दावा भी किया गया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा कारणों से पर्दे के पीछे चला रहे सरकार
इलाही ने मोजतबा के सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने की वजह सुरक्षा चिंताओं को बताया। उनके अनुसार, मोजतबा ने जुलाई में अपने पिता के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों में भी चुपचाप हिस्सा लिया था।
इस बीच, उनके शासन चलाने के तरीके और वास्तविक भूमिका को लेकर सवाल बने हुए हैं। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान पहले उनके साथ बैठकों और बातचीत का जिक्र कर चुके हैं। हालांकि, मोजतबा की सेहत और उनकी मौजूदा गतिविधियों पर आधिकारिक जानकारी सीमित है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

