यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में गुरुनानकपुरा स्थित 65 साल पुराने श्री राम मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ के दौरान अचानक भारी हंगामा हो गया। मंदिर में पाठ कर रहे एक वकील और उनके साथियों के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावर हथियार लेकर मंदिर परिसर में घुसे और पिस्टल दिखाकर सभी को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर के अंदर हाथापाई और धमकी
पीड़ित एडवोकेट ने पुलिस को बताया कि वे अपने साथियों और मंदिर के पुजारी के साथ शाम के समय हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। उसी समय कुछ आरोपी वहां पहुंचे और मंदिर के कामों में रुकावट डालने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हमला कर दिया। इस दौरान गला दबाने की कोशिश की गई और कपड़े भी फाड़ दिए गए। वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाकर बाहर निकलने से भी रोका गया।
यमुनानगर में मंदिर विवाद की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मंदिर का निर्माण 1961 में कराया गया था। पीड़ित परिवार लंबे समय से मंदिर की देखरेख कर रहा है। पिछले महीने जून में मंदिर में नई मूर्तियों की स्थापना की गई थी और अखंड ज्योति जलाई गई थी। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष के लोग रंजिश रखने लगे थे। आरोपी काफी समय से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और मंदिर की व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर 17 थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुछ लोग हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और मामले की गहराई से जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


