कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीडी मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट पर छापा मारा,जहां से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में स्कूल और कॉलेजों के आसपास संचालित होटल और ढाबों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
READ MORE: कर्ज और कार की किस्तों से परेशान युवक ने रची खतरनाक साजिश, लेकिन CCTV ने बिगाड़ दिया पूरा खेल
ग्वालियर में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार विशेष अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने साइंस कॉलेज, मॉडर्न हाई स्कूल, शिवपुरी लिंक रोड और डीडी मॉल क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान डीडी मॉल स्थित डीएनडी रेस्टोरेंट की तलाशी ली गई। आबकारी विभाग ने मौके से करीब 70 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।
READ MORE: भोपाल ट्विशा शर्मा मौत केस में बड़ा एक्शन: दहेज प्रताड़ना की धाराओं में पति समर्थ के खिलाफ FIR, पूर्व जज को भी बनाया आरोपी
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है,वहीं साइंस कॉलेज और शिवपुरी लिंक रोड के आसपास स्कूलों के नजदीक संचालित होटल और ढाबों में शराब परोसने वालों के खिलाफ भी आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। इन मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36(A) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास शराब परोसने और बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

