दिल्ली सरकार दुर्गा (Driving Upliftment and Rozgar for Women/Transgender Green e-Auto) स्कीम लॉन्च करने की तैयारी में है। यह स्कीम महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए तैयार की जा रही है। इसके जरिए रोजगार और आमदनी की पक्की व्यवस्था होगी। इसके जरिए दिल्ली के 13 जिलों में से प्रत्येक जिले में 100 ई-ऑटो परमिट दिए जाएंगे। सरकार की वेबसाइट के मुताबिक, इस स्कीम के जरिए 1,300 इलेक्ट्रिक ऑटो के परमिट दिए जाएंगे।

स्कीम के तहत 90 फीसदी परमिट महिलाओं को जबकि 10 फीसदी ट्रांसजेंडर को दिए जाएंगे। यह प्रोजेक्ट का मकसद स्वरोजगार को बढ़ावा, आजीविका को बेहतर बनाना और इलेक्ट्रोक मोबिलिटी को बढ़ावा देना है। हर जिले के लिए 100 ई-ऑटो परमिट निर्धारित किए गए हैं। चुने गए आवेदकों को इलेक्ट्रिक ऑटो चलाने के लिए ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ जारी किया जाएगा।

कैबिनेट के सामने पेश किया जाएगा ड्राफ्ट

ईटी ऑटो को सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस स्कीम का ड्राफ्ट मंजूरी के लिए दिल्ली सरकार की कैबिनेट के सामने पेश किया जा सकता है। कैबिनेट इसपर विचार करेगी और कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इस स्कीम की घोषणा कर दी जाएगी। एक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन मंगाए जा सकते हैं और फाइनल लिस्ट लॉटरी सिस्टम के जरिए आएगी।

स्कीम के लिए आवेदन करने की पात्रता

स्कीम के लिए 20 से 40 उम्र की महिलाएं और ट्रांसजेंडर आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की सालाना आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए या उनके पास कोई थ्री-व्हीलर नहीं होना चाहिए। हर परिवार से एक महिला पात्र होगी। इसके साथ ही विवाहित महिलाओं के लिए शर्त यह है कि उनके बच्चे 18 वर्ष से कम उम्र के हों।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जाएगा

लाभार्थियों की नियमित आय सुनिश्चित करने के लिए सरकार उन्हें ऑनलाइन कैब और ऑटो एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी में भी है। यानी लोग इन्हें ऑनलाइन कैब प्लेटफॉर्म से भी बुक कर सकेंगे जिससे लाभार्थियों की ज्यादा से ज्यादा इनकम हो सके। इसका एक फायदा ये भी होगा लाभार्थियों को सवारियों की तलाश में नहीं भटकना होगा या इंतजार नहीं करना होगा। इसके अलावा DURGA ड्राइवरों को खास जैकेट, कैप और पहचान-पत्र मिलेगा जिससे यात्रियों को रजिस्टर्ड ड्राइवरों की पहचाने करने में आसानी होगी।

इमरजेंसी कॉन्टैक्ट भी लिखे होंगे

इन ई-ऑटो में महिलाओं के लिए कई हेल्पलाइन और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट भी लिखे होंगे। इस सेक्टर में पुरुषों का दबदबा है सरकार इस स्कीम के जरिए महिलाओं और ट्रांसजेंडर को प्रोत्साहित करके नया बदलाव लाने की कोशिश में है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m