देवास/भोपाल। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब माफियाओं द्वारा टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर की गई निर्मम हत्या के मामले में राज्य सरकार ने एक बड़ा और संवेदनशील कदम उठाया है। क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा ने इस दुस्साहसिक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घोषणा की है कि मध्य प्रदेश सरकार ने शहीद टीआई की पत्नी को सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्णय लिया है।

“एक बहुत अच्छा और निर्भीक अधिकारी खोया”

घटना के बाद मीडिया और जनता के सामने अपनी बात रखते हुए खातेगांव के विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि पिछले दो महीनों से खातेगांव में पदस्थ टीआई दिलीप पुरी बेहद कर्तव्यनिष्ठ और निर्भीक अधिकारी थे। उन्होंने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। विधायक ने इसे मध्य प्रदेश पुलिस महकमे के लिए एक बहुत बड़ी और कभी न पूरी होने वाली क्षति बताया। उन्होंने बताया कि इस खौफनाक वारदात की पूरी जानकारी उन्होंने तुरंत माननीय मुख्यमंत्री को दी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

शहीद का दर्जा और एसआई पद पर नियुक्ति का ऐलान

विधायक आशीष शर्मा ने स्पष्ट किया कि चूंकि टीआई दिलीप पुरी ने अपने कतव्यों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है, इसलिए सरकार ने उनके इस बलिदान को सम्मान देते हुए उन्हें ‘शहीद’ का दर्जा दिया है। सरकार और मुख्यमंत्री के निर्णय की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शहीद टीआई के परिवार को संबल देने के लिए उनकी पत्नी को सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। विधायक ने कहा कि स्वर्गीय दिलीप पुरी ने पुलिस विभाग के ‘देश भक्ति, जन सेवा’ के नारे को अपनी जान देकर चरितार्थ किया है, और सरकार उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m