0 साइबर सेल की तकनीकी निगरानी लाई रंग, एसीपी राजदीप मोर ने मोबाइल लौटाकर लोगों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान
संजीव घनगस ,सोनीपत।सोनीपत पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल की टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से 33 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह (आईपीएस) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर सेल ने यह सफलता हासिल की। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी जोन एवं साइबर) नरेन्द्र कादयान (आईपीएस) तथा सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर) राजदीप मोर के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह और उनकी टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी कर विभिन्न कंपनियों के 33 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
बरामद मोबाइल फोन शुक्रवार को एसीपी राजदीप मोर ने उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने सोनीपत पुलिस और साइबर सेल की कार्यशैली की जमकर सराहना की।
CEIR पोर्टल बना मददगार
पुलिस के अनुसार, सभी मोबाइल फोन CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर गुमशुदा के रूप में दर्ज किए गए थे। शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल ट्रैक कर उन्हें सफलतापूर्वक बरामद किया।
अधिकारियों ने बताया कि CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल ब्लॉक कर दिया जाता है, जिससे उसका दुरुपयोग रुक जाता है और बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।

पुलिस की अपील
एसीपी राजदीप मोर ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए तो बिना देरी किए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। इससे मोबाइल को ब्लॉक कर उसका दुरुपयोग रोका जा सकेगा और बरामदगी की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू हो सकेगी।
सोनीपत पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए आधुनिक तकनीक के माध्यम से ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

