राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ रायसेन। बुधवार सुबह बरेली रोड स्थित आयशर ट्रैक्टर की वर्कशॉप में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वर्कशॉप में रखे ट्रैक्टर इसकी चपेट में आ गए।

आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर परिषद सिलवानी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फायर ब्रिगेड चालक भगवानदास विश्वकर्मा एवं सहायक रितेश ने काफी प्रयासों के बाद आग बुझाई। शोरूम संचालक राजेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि आगजनी की इस घटना में वर्कशॉप में रखे पांच नए और तीन पुराने, कुल आठ ट्रैक्टर जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

संचालक के अनुसार, सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। प्रशासन एवं नगर परिषद की फायर ब्रिगेड के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m