कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में एक बड़े सराफा कारोबारी की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ज्वेलर्स दुकान के संचालक ने ग्राहकों को बिना बिल और बिना हॉलमार्क के सोने के जेवर बेचकर बाद में हॉलमार्क कराने का झांसा दिया और करीब 80 तोला सोना समेटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

64 तोला सोने की ज्वेलरी खरीदी थी

सराफा बाजार में संचालित वैष्णो ज्वेलर्स के संचालक सचिन सोनी और उसके भाई नितिन सोनी ने कई ग्राहकों को बिना बिल और बिना हॉलमार्क के सोने के आभूषण बेचे। बाद में हॉलमार्क और बिल उपलब्ध कराने का भरोसा देकर ग्राहकों से जेवर वापस जमा करा लिए। महाराजपुरा निवासी प्रॉपर्टी डीलर मानसिंह गुर्जर की शिकायत पर FIR हुई। उन्होंने अपने बेटे की शादी के लिए करीब 64 तोला सोने की ज्वेलरी खरीदी थी।

सोना ग्राहकों से लेकर वापस नहीं किया

शादी नजदीक होने के कारण ज्वेलर ने बाद में हॉलमार्क कराने का आश्वासन दिया। शादी के बाद जब वे जेवर जमा कराने पहुंचे तो कुछ दिन बाद लौटाने की बात कही गई, लेकिन इसके बाद आरोपी दुकान बंद कर फरार हो गया। जांच में सामने आया है कि सिर्फ एक नहीं बल्कि कई ग्राहक इसी तरह के झांसे का शिकार हुए हैं। SSP धर्मवीर सिंह के अनुसार आरोपियों ने करीब 931 ग्राम यानी लगभग 79.82 तोला सोना ग्राहकों से लेकर वापस नहीं किया।

ठगी के पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती

आशंका जताई जा रही है कि इसी तरह की ठगी के पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है। इसलिए पुराने लेन-देन और अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।उन्होंने यह भी बात है कि आरोपी पर लाखों रुपये का कर्ज था और आर्थिक दबाव से निकलने के लिए उसने यह पूरा खेल रचा। पहले ग्राहकों का भरोसा जीता,फिर हॉलमार्क कराने के बहाने जेवर वापस लेकर सोना समेटकर फरार हो गया। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने सचिन सोनी और नितिन सोनी को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m