दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की राशि में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर योजना के हितग्राहियों की शासकीय राशि फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर लाखों रुपये की हेराफेरी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, धमधा और पाटन क्षेत्र में कुल 107 हितग्राहियों की करीब 17 लाख 10 हजार रुपये से अधिक की राशि फर्जी तरीके से अन्य खातों में ट्रांसफर की गई थी। मामले का खुलासा तकनीकी जांच, बैंक दस्तावेजों और ऑनलाइन पोर्टल के विश्लेषण के बाद हुआ।


जानकारी के मुताबिक 17 मई 2026 को जनपद पंचायत धमधा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं 19 मई 2026 को जनपद पंचायत पाटन की ओर से थाना पाटन में लिखित शिकायत दी गई। शिकायत में बताया गया कि योजना के पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर हो रही है। जांच में सामने आया कि थाना धमधा क्षेत्र के 44 हितग्राहियों की करीब 4.50 लाख रुपये और थाना पाटन क्षेत्र के 63 हितग्राहियों की लगभग 12.60 लाख रुपये की राशि अन्य खातों में भेजी गई थी।
ऐसे करते थे फर्जीवाड़ा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों के पास योजना संबंधी खातों में सुधार के लिए उपयोग होने वाली लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध थे। आरोपियों ने इसी एक्सेस का दुरुपयोग करते हुए ऑनलाइन पोर्टल में हितग्राहियों के वास्तविक बैंक खातों की जगह अपने नियंत्रण वाले खातों की जानकारी दर्ज कर दी। इसके बाद योजना की राशि सीधे उन खातों में ट्रांसफर होने लगी। आरोपी मोबाइल बैंकिंग और एटीएम के जरिए रकम निकालते और उपयोग करते थे। शिकायत और जांच शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद कुछ राशि वापस जमा भी कराई गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक जब्त
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दीपक कुमार यादव, निवासी जिला दुर्ग और लिलेश्वर यादव उर्फ रवि (26 वर्ष) निवासी ग्राम अकोला वार्ड क्रमांक 06, उड़िया बस्ती, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है, जिसमें मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और बैंक संबंधी दस्तावेज शामिल हैं। पुलिस ने थाना धमधा और थाना पाटन में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

