कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आउटसोर्स भर्ती के नाम पर फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्वास्थ्य विभाग (CMHO कार्यालय) में दो युवक फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी ज्वाइन करने पहुंच गए। विभाग की सतर्कता के चलते फर्जीवाड़े का तत्काल भंडाफोड़ हो गया।
CMHO के फर्जी हस्ताक्षर, देखते ही बुलाई पुलिस
जानकारी के अनुसार, श्योपुर जिले के विजयपुर निवासी संतोष अपने एक अन्य साथी के साथ ग्वालियर स्थित CMHO कार्यालय पहुंचा था। दोनों युवकों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एम.एस. सागर से मुलाकात कर आउटसोर्स भर्ती का नियुक्ति पत्र सौंपते हुए पदस्थापना (ज्वाइनिंग) की मांग की।
नियुक्ति पत्र देखते ही CMHO डॉ. एम.एस. सागर को संदेह हुआ। जब पत्र की गहराई से जांच की गई तो उस पर दर्ज CMHO के हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। मामला सामने आते ही तत्काल थाटीपुर थाना पुलिस को सूचित किया गया।
गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही थाटीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। शुरुआती पूछताछ के दौरान दोनों युवक यह स्पष्ट नहीं कर सके कि उन्हें यह नियुक्ति पत्र किस व्यक्ति या एजेंसी के माध्यम से मिला था। फिलहाल पुलिस फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने वाले गिरोह और इसके पीछे शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद सरकारी दफ्तरों में नौकरी का झांसा देकर युवाओं को ठगने वाले गिरोहों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


