राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित एनटीपीसी विंध्याचल (NTPC Vindhyachal) परियोजना परिसर में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एलएंडटी (L&T) कंपनी के एक श्रमिक की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से प्लांट परिसर में भारी हंगामा और तनाव का माहौल है, और बड़ी संख्या में मजदूर मौके पर जमा हो गए हैं।
ऊंची चिमनी पर चढ़कर अपना काम कर रहा था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक श्रमिक की पहचान संजीव यादव के रूप में हुई है। संजीव विंध्यनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एनटीपीसी विंध्याचल प्लांट में 240 मीटर ऊंची चिमनी नंबर-4 पर चढ़कर अपना काम कर रहा था। अचानक बिगड़ी तबीयत: काम करने के दौरान अचानक श्रमिक की तबीयत तेजी से बिगड़ गई और उसे खून की उल्टी (ब्लड वोमिटिंग) होने लगी।
इलाज से पहले मौत
ऊंचाई पर काम करने के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने और खून की उल्टी होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने या समुचित इलाज मिलने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों और श्रमिकों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि मृतक श्रमिक संजीव यादव पहले से हेपेटाइटिस जैसी बीमारी से जूझ रहा था। हालांकि, इतनी ऊंचाई पर स्थित कार्यस्थल पर अचानक तबीयत बिगड़ने और इलाज से पहले हुई मौत की इस घटना ने एनटीपीसी प्रबंधन और ठेका कंपनी (L&T) की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और भारी प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

