एसआर रघुवंशी, गुना। जिला मुख्यालय स्थित बाल संप्रेषण गृह (ऑब्जर्वेशन होम) से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां रह रहे एक नाबालिग ने दूसरे नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित छोटू वाल्मीकि नाम का नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पेट में 3 टांके आए हैं।
चोरी के आरोपी ने नशे में किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान गोलू परिहार के रूप में हुई है, जो हमले के वक्त नशे की हालत में था। आरोपी गोलू को चोरी के एक मामले में शिवपुरी से लाकर गुना संप्रेषण गृह में रखा गया था। घटना के समय संप्रेषण गृह में कुल 12 नाबालिग मौजूद थे।
कर्मचारियों में हड़कंप, घायल का इलाज जारी
नाबालिग पर अचानक चाकू से हुए हमले के बाद संप्रेषण गृह में अफरा-तफरी मच गई और वहां तैनात कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में घायल छोटू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
संप्रेषण गृह जैसे संवेदनशील स्थान के भीतर चाकू और नशीला पदार्थ कैसे पहुंचा, इसने प्रशासन की जांच और सुरक्षा तंत्र की पोल खोलकर रख दी है। घटना के बाद से ही परिजनों और स्थानीय सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े सवाल उठाए हैं। फिलहाल, अधिकारी मामले की जांच और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


