हेमंत शर्मा, उज्जैन। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश इकाई को बड़ी सफलता मिली है। सीबीएन की टीम ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 1.067 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। इस मामले में राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
READ MORE: महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा: बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी, मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, सीबीएन नीमच को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि करीब एक किलो हेरोइन की खेप शिप्रा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22911) के जरिए पश्चिम बंगाल की ओर भेजी जा रही है। सूचना मिलने के बाद सीबीएन के नीमच, उज्जैन और इंदौर कार्यालयों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई और रणनीतिक रूप से उज्जैन रेलवे स्टेशन पर तैनात किया गया। खुफिया सूचना के आधार पर अधिकारियों ने शिप्रा एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की। उसके पास मौजूद हैंडबैग की जांच के लिए उसे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित RPF ऑफिस ले जाया गया। वहां एनडीपीएस एक्ट 1985 के प्रावधानों के तहत विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग में छिपाकर रखे गए दो पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों से कुल 1.067 किलोग्राम हेरोइन मिली। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
READ MORE: डबरी में डूबने से दो दोस्तों की मौत: सुबह घर से निकले थे दोनों युवक, अगले दिन मिला शव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र से इंदौर-उज्जैन मार्ग के जरिए पश्चिम बंगाल के हावड़ा भेजी जा रही थी। सीबीएन अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन का स्रोत क्या था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। सीबीएन ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सीबीएन मध्य प्रदेश के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी के खिलाफ 58 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 77 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग का कहना है कि “ड्रग फ्री इंडिया” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

