प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। जहां डबरी में डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। यह पूरा मामला भाटपचलाना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
चिरोला कलां गांव में उस समय मातम पसर गया, जब दो दोस्त डबरी में डूब गए। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय अजय बैरागी और 20 वर्षीय कमल माली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मंगलवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले उन्हें गांव में चल रहे नाइट क्रिकेट मैच में होने की आशंका जताई, लेकिन जब रात तक कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम का ‘रोमियो’ नपा कर्मचारी: फर्जी फेसबुक ID से युवती को किया टॉर्चर, FIR के 15 दिन बाद भी फरार
बुधवार सुबह डबरी के किनारे दोनों की बाइक, मोबाइल और चप्पलें मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों के शव डबरी से बाहर निकाले गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। आशंका है कि दोनों नहाने गए थे और इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीएम रिपोर्ट, मृतकों के अन्य दोस्तों से पूछताछ और जांच पड़ताल के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा।

