हेमंत गुर्जर, बागली। सतवास थाना पुलिस ने पीपलकोटा गांव से 8 दुकानों में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी धार जिले के गेटा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी से करीब 50 हजार रुपये का माल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
मामला दरअसल रक्षाबंधन की रात का है, जब चोरों ने सतवास के पीपलकोटा में एक साथ 8 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपी मास्क और ग्लव्स पहने नजर आए थे। पुलिस ने दो टीमें बनाकर आरोपियों के आने-जाने के रास्तों को ट्रैक किया और मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धार, बड़वानी, खरगोन और महाराष्ट्र के अलग-अलग थानों में 17 मामले दर्ज हैं। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। मामले के खुलासे में सतवास पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



