पिपरवार में तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच फायरिंग, विकास घायल, कंपनी पर फायरिंग मामले में भी सामने आया नाम
चतरा। चतरा के पिपरवार इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का कथित सदस्य विकास गोली लगने से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विकास को गोली लगी।
कंपनी पर फायरिंग में भी सामने आया था नाम
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले चतरा में एक कंपनी पर हुई फायरिंग की घटना में भी विकास के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस टीम गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और उनके संभावित ठिकानों की तलाश कर रही है।


