Rajasthan School Books News: राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था में इस वक्त किताबों को लेकर जबरदस्त महायुद्ध छिड़ गया है। प्रदेश की भजनलाल सरकार ने सरकारी स्कूलों से 9वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक की 4 महत्वपूर्ण किताबों को कोर्स से हटा दिया है, जिसके बाद पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने मोर्चा खोल दिया है। सीकर में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डोटासरा ने सीधा आरोप लगाया कि बीजेपी बच्चों का ब्रेनवॉश करने के लिए सुनियोजित तरीके से इतिहास को मिटा रही है।

आजादी का इतिहास मिटाने की साजिश
मौके पर मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए डोटासरा का लहजा तल्ख था। उन्होंने कहा, जब हमारी सरकार थी, तब हमने आजादी के पहले और बाद का स्वर्णिम भारत जैसी किताबें शुरू की थीं। इनका मकसद बच्चों को राजस्थान के शौर्य और स्वतंत्रता संग्राम की सही जानकारी देना था। खुद NCERT ने भी इन किताबों की तारीफ की थी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस अब इस मुद्दे पर जिला मुख्यालयों पर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रही है।
RSS की विचारधारा थोपने का आरोप
डोटासरा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों पर RSS की विचारधारा जबरन थोपी जा रही है। डोटासरा ने कहा कि सरकारी संस्थानों का इस्तेमाल केवल एक खास विचारधारा के प्रचार के लिए हो रहा है। एजुकेशन में टेक्नोलॉजी और AI की जगह नफरत फैलाने वाली सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग के जरिए सरकारी कर्मचारियों को प्रचारक बनाया जा रहा है।
विधानसभा से लेकर संसद तक गूंजेगा मुद्दा
डोटासरा ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस इस मुद्दे को हल्का नहीं छोड़ने वाली है। उन्होंने चेतावनी दी कि विधानसभा और लोकसभा, दोनों जगह इस किताब कांड पर सरकार को घेरा जाएगा। डोटासरा बोले, अगर सरकार के पास इससे बेहतर सिलेबस है तो सामने लाए, लेकिन बिना किसी ठोस कारण के महान वीरों और आजादी के इतिहास वाली किताबें हटाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
AAP पर भी तंज, बताया बीजेपी की B टीम
दिल्ली की राजनीति में हो रही हलचल पर भी डोटासरा ने चुटकी ली। आम आदमी पार्टी के सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि आप दरअसल बीजेपी की बी-टीम है। उन्होंने केंद्र सरकार पर सीबीआई और ईडी के जरिए डरा-धमकाकर विपक्षी नेताओं को तोड़ने का आरोप लगाया।
पढ़ें ये खबरें
- AI तकनीक से जंगल और वन्यजीवों की होगी 24 घंटे निगरानी, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम का ट्रायल शुरू
- ‘सरकार सत्ता के अहंकार में संवेदनहीन हो गई…’, अखिलेश ने बोला हमला, कहा- अन्याय और भ्रष्टाचार से जनता परेशान
- MP Politics: अवधेश नायक की BJP में घर वापसी तय? कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची से नाम गायब
- तेज आंधी बनी काल, ट्रैक्टर सवार युवक की दर्दनाक मौत
- MP में छात्रवृत्ति घोटाला: यूको बैंक और मैनेजमेंट कॉलेज ने मिलकर डकारे 1 करोड़ रुपये, CBI की एंट्री
