राहुल शर्मा, भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सामने आए हनीट्रैप गैंग मामले में एक नया और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में शामिल एक महिला HIV पॉजिटिव पाई गई है। महिला की मेडिकल जांच जिला अस्पताल में कराई गई थी, जहां यह तथ्य सामने आया। जानकारी के अनुसार महिला पिछले तीन वर्षों से उपचाररत थी।
READ MORE: हनी ट्रैप गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तारः 60 साल के किसान को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे थे 7 लाख, पूछताछ में जुटी पुलिस
इस खुलासे के बाद उन लोगों में चिंता बढ़ गई है, जो कथित तौर पर इस गैंग के जाल में फंसे थे। पुलिस ने मामले में अब तक दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन और लैपटॉप से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह की महिलाएं युवकों को अपने जाल में फंसाकर उनसे शारीरिक संबंध बनाती थीं और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। गिरोह के अन्य सदस्य कथित रूप से अश्लील वीडियो बनाकर पीड़ितों से मोटी रकम की मांग करते थे। रकम नहीं देने पर बलात्कार का मामला दर्ज कराने की धमकी दी जाती थी।
READ MORE: अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे पिता, बाहर बेटी की आबरू से खिलवाड़, आरोपी राहुल गिरफ्तार
पुलिस को जांच में एक वकील की भूमिका भी संदिग्ध मिली है। बताया जा रहा है कि वह गिरोह और पीड़ितों के बीच पैसों के लेनदेन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है। देहात थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही कई अन्य खुलासे हो सकते हैं।

