राहुल शर्मा, भिंड। 60 साल के किसान को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपए उगाही करने वाले हनी ट्रैप गैंग का देहात थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित चार आरोपियों को हजूरीपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
बाजार में मदद मांग कर घर छोड़ने कहा
दरअसल पीडित किसान 23 मई को बाजार गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जिसने पैर में दर्द होने की बात कह घर तक छोड़ने की मदद मांगी। किसान ने मानवता के नाते महिला को उसके घर छोड़ने पहुंचा। वहां पहले से रची गई साजिश के तहत महिला उसे चाय पिलाने के बहाने घर के अंदर ले गई। जहां पहले से गैंग के 2 सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान किसान का अश्लील वीडियो बना लिया और बाद में गैंग के अन्य सदस्य उसे ब्लैकमेल करने लगे। आरोपियों ने किसान को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देते हुए 7 लाख रुपए की मांग की। आरोपियों ने पहले ही किसान से 5 हजार रुपए ले लिए थे।
गैंग के अन्य वारदात की जानकारी में जुटी पुलिस
बाकी रकम खेत बेचने के बाद देने का दबाव बना रहा था। धमकियों से परेशान किसान ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हजूरी पुरा क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गैंग से जुड़े अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पकड़े गए आरोपियों में सपना नगर पत्नी बबलू नगर 35 साल निवासी गौशाला के पास जोशी नगर, बबलू उपाध्याय पुत्र अशोक 50 साल निवासी महावीर नगर, अखिलेश बघेल पुत्र कल्याण 26 साल निवासी हजूरीपुरा, ममता बघेल पत्नी किशोर 32 साल निवासी हजूरीपुरा रोड कृष्णा नगर भिंड है।

