सोनू वर्मा,नूंह। नूंह पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली, जबकि वाहन राजस्थान से चोरी किया गया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी है।

जिला पुलिस नूंह द्वारा अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फिरोजपुर झिरका शहर थाना पुलिस को अहम सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कासम पुत्र कमरुद्दीन निवासी नासीरबास, थाना सदर फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नियमित वाहन जांच के दौरान आरोपी को संदिग्ध स्थिति में मोटरसाइकिल सहित रोका गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने बाइक के चेसिस और इंजन नंबर की पड़ताल की। इस दौरान पता चला कि मोटरसाइकिल का वास्तविक पंजीकरण नंबर कुछ और है, जबकि उस पर दूसरी नंबर प्लेट लगाई गई थी। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि बाइक चोरी की है और इस संबंध में राजस्थान के नीमराना थाना क्षेत्र में मामला दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि चोरी की बाइक आरोपी तक कैसे पहुंची और क्या वह किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा हुआ है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों की धरपकड़, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।