रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानवन थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर स्थित होटल नींबू मिर्ची के सामने एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई और खाई में पलट गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
इंदौर से सांवलिया जी दर्शन करने जा रहे थे
दरअसल कार (क्रमांक MP 42 ZF 3109) में सवार सभी युवक इंदौर से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांवलियाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। बीती रात करीब 12 बजे के लगभग कानवन से कुछ दूरी पर अचानक यह दुर्घटना घटी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गाड़ी चला रहे ड्राइवर अंकुर को अचानक नींद की झपकी आ गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सड़क किनारे लगे पेड़ को उखाड़ते हुए खाई में जाकर पलट गई।
गाड़ी काटकर शवों और घायलों को निकाला बाहर
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और ड्राइवर अंकुर अपनी सीट पर बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही डायल 112, 108 एंबुलेंस और टोल प्लाजा की एंबुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। राहत दल ने कार के हिस्सों को काटकर काफी मशक्कत के बाद मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। मृतक-ड्राइवर अंकुर (30 वर्ष) और रोहित कुमार (32 वर्ष, निवासी शाजापुर) और गंभीर घायलों में मिथिलेश (पिता अमर बहादुर, निवासी भागीरथपुरा इंदौर), मोहित (पिता हरिनारायण पंवार, इंदौर), दिगक्षेण कुमार (इंदौर) और हिमांशु (पिता ज्ञानेश्वर, इंदौर) शामिल है।
प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर
दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है। रविवार दोपहर परिजनों के बदनावर पहुँचने के बाद कानवन पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम (PM) कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कानवन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

