कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी एक बार फिर देखने को मिली है। जबलपुर के कोसमघाट स्थित श्रीराम फ्यूल स्टेशन पर बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू की नोक पर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि बदमाश पहले सामान्य ग्राहकों की तरह बाइक में पेट्रोल डलवाने पहुँचे थे, लेकिन सेल्समैन के पास मोटी रकम देखने के बाद उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
पैसो का अंदाजा लगाकर की लूट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोसमघाट स्थित श्रीराम फ्यूल स्टेशन पर दो बाइकों पर सवार होकर 3 से 4 बदमाश पहुंचे थे। बदमाशों ने पहले अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाया और सेल्समैन को पैसे देकर भुगतान किया। इस दौरान उन्होंने बड़ी चालाकी से यह अंदाजा लगा लिया कि सेल्समैन के पास नकदी (मोटी रकम) मौजूद है। मौका पाकर बदमाशों ने अपनी असलियत दिखाई और सेल्समैन को पिस्तौल और चाकू की नोक पर डरा-धमकाकर गल्ले में रखी नकदी लूट ली। चंद मिनटों में वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई बदमाशों की करतूत
पेट्रोल पंप पर हुई इस दुस्साहसिक लूट की पूरी वारदात वहाँ लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ-साफ कैद हो गई है। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि किस तरह बेखौफ बदमाश हथियारों के बल पर कर्मचारी को डरा रहे हैं और लूटपाट कर रहे हैं। पुलिस अब इस सीसीटीवी फुटेज को मुख्य आधार बनाकर आरोपियों के हुलिया और उनकी बाइकों की शिनाख्त करने में जुटी है।
फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी
पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर लूट की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने सेल्समैन और पंप संचालकों से पूछताछ कर मामला दर्ज कर लिया है। इलाके में नाकाबंदी कर फरार बदमाशों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों और पेट्रोल पंप संचालकों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

