राजेश वर्मा, नारायणगढ़। अंबाला पुलिस की सीआईए-2 टीम ने शहजादपुर माजरा में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 4 लाख 15 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजादपुर की डेहा कॉलोनी निवासी महबूब उर्फ काला और मुकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
परिवार घर से बाहर गया, चोरों ने साफ कर दिया मकान
मामले में शहजादपुर माजरा निवासी विवेक बराड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मई की रात वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने घर का सामान बिखेर दिया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए।
परिवार के घर लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद 1 जून को थाना शहजादपुर में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईए-2 को सौंपी गई थी।
छत के रास्ते घर में घुसे थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। पहचान छिपाने के लिए वे मुंह ढककर रखते थे। उन्होंने विवेक बराड़ के घर में छत के रास्ते प्रवेश किया और लोहे का जाल उखाड़कर घर के अंदर घुसे थे।

ऐसे पकडे गए चोर
पुलिस अधीक्षक अंबाला के निर्देश पर सीआईए-2 प्रभारी उपनिरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक निर्मल सिंह और मुख्य सिपाही संदीप कुमार शामिल थे।
तकनीकी संसाधनों और मजबूत गुप्तचर नेटवर्क की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ यमुनानगर, शहजादपुर और नारायणगढ़ क्षेत्र के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं के तहत करीब 8 मामले दर्ज हैं।
रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
फिलहाल दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सीआईए टीम उनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जा सके और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

