कलाहांडी। देश सेवा और वीरता जब जुनून बन जाए तो कठिन से कठिन परिस्थितियां भी कदम नहीं रोक पातीं। ओडिशा के कलाहांडी जिले के जूनागढ़ के रहने वाले और भारतीय सेना की बेहद विशिष्ट 10 पैरा स्पेशल फोर्सेज (10 Para SF) के जांबाज अधिकारी मेजर सुधांशु पाणी ने जम्मू-कश्मीर में एक आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान अपनी अदम्य वीरता का परिचय देकर पूरे राज्य और देश को गौरवान्वित किया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा घोषित 72 वीरता पुरस्कारों की सूची में मेजर सुधांशु पाणी को उनकी अद्वितीय शूरवीरता के लिए वीर चक्र (Vir Chakra) देने की घोषणा की गई है।
यह साहसिक घटना सितंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ क्षेत्र में चलाए गए ‘ऑपरेशन गुद्दर’ (Operation Gudder) से जुड़ी है। घने जंगलों और बेहद कठिन पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। ऑपरेशन के दौरान जवानों का सामना लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) के एक सबसे खूंखार और मोस्ट वांटेड आतंकवादी से हुआ। विषम परिस्थितियों और भारी गोलीबारी के बीच मेजर सुधांशु पाणी ने अग्रिम मोर्चे पर रहकर पूरी टीम का नेतृत्व किया। अपनी जान की परवाह न करते हुए उन्होंने असाधारण सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय दिया और आतंकवादी को मार गिराया।

मेजर सुधांशु की इस उपब्धि से उनके पैतृक गांव और पूरे कलाहांडी जिले में खुशी की लहर है। उनकी माता राजकुमारी पाणी ने अपने बेटे की सफलता और शौर्य पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “हर कोई अपने लिए कुछ न कुछ करता है, लेकिन जब कोई देश के लिए कुछ बड़ा करता है तो वह वास्तव में सबसे गर्व का क्षण होता है। मुझे बेहद खुशी है कि मेरे बेटे ने यह मुकाम हासिल किया। जब उसने ढेंकानाल में इंजीनियरिंग में दाखिला लिया था, उसी समय उसने एनडीए (NDA) के लिए भी आवेदन किया था। एनडीए में चयन होते ही उसने इंजीनियरिंग छोड़कर पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी जॉइन कर ली। आज उसकी इस उपलब्धि पर मुझे बहुत गर्व है।”
जूनागढ़ की माटी से निकलकर कश्मीर की चुनौतीपूर्ण युद्धभूमि तक का मेजर सुधांशु पाणी का यह सफर भारतीय सशस्त्र बलों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस का प्रतीक है। देश के सबसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों में से एक ‘वीर चक्र’ के लिए मनोनीत होने पर ओडिशा के विभिन्न हिस्सों से उन्हें और उनके परिवार को बधाइयां मिल रही हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

