० ताला टूटा देख उड़ गए होश, 11 तोला सोना व नकदी लेकर फरार चोर; पुलिस जांच में जुटी
सोनू वर्मा ,नूंह। शहर के सद्दीक नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब मकान मालिक रात को घर लौटा और मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया।
जानकारी के अनुसार, सद्दीक नगर निवासी राशिद पुत्र शेर मोहम्मद ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका मकान दिल्ली-अलवर रोड स्थित हाजी अलाउद्दीन मस्जिद के पास है। 1 जून को उसकी पत्नी मायके गई हुई थी, जिसके कारण घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
घर पहुंचते ही सामने आया मंजर
रात करीब 11 बजे जब राशिद घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी भी खुली पड़ी थी। जांच करने पर पता चला कि घर से कीमती जेवरात और नकदी गायब हैं।
11 तोला सोना और नकदी चोरी
पीड़ित के अनुसार चोर करीब 11 तोला सोना लेकर फरार हो गए, जिसमें सोने की हंसली, चूड़ियां, गुलीबंद और चेन शामिल हैं। इसके अलावा 200 ग्राम चांदी की पाजेब और 31 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

