प्रदीप मालवीय, उज्जैन। सावन माह और नागपंचमी पर्व के चलते रामघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच होमगार्ड सैनिक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। नदी में स्नान करने पहुंची एक महिला स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गई। इस 19 वर्षीय युवती को होमगार्ड सैनिक राजेंद्र डाबी ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का यह वीडियो भी सामने आया है।
पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में चली गई
होमगार्ड कामडेंट संतोष जाट ने बताया कि राजगढ़ जिले के खिलचीपुर से आई मुस्कान (रामघाट पर पुलिस चौकी के सामने स्नान कर रही थीं। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चली गई। तेज बहाव के कारण वह डूबने लगीं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं।
रामघाट पर तैनात होमगार्ड सैनिक राजेंद्र डाबी की नजर युवती पर जैसे ही पड़ी उन्होंने तत्काल अपना मोबाइल और अन्य सामान किनारे रखा और नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवती को गहरे पानी से बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया। समय पर मदद मिलने से युवती की जान बच गई।
प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
होमगार्ड एवं SDRF के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट के अनुसार सावन माह और नागपंचमी पर्व के कारण घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। रात के समय भी लोग स्नान के लिए घाटों पर पहुंच रहे है। इसे देखते हुए रामघाट समेत प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा
शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों पर आधुनिक आपदा बचाव उपकरणों के साथ 130 से अधिक होमगार्ड और SDRF के प्रशिक्षित तैराक एवं गोताखोर दिन-रात तैनात किए गए है। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने राजेंद्र डाबी के साहस और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अपनी जान जोखिम में डालकर महिला श्रद्धालु की जान बचाने वाले जवान को विभाग की ओर से उचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


