चतरा। झारखंड के चतरा जिले में बारिश के बीच उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब टंडवा की गेरुआ नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। नदी पार कर रहे तीन युवक बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पानी बढ़ने के बावजूद बाइक से पार कर रहे थे नदी
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक दो मोटरसाइकिलों से नदी पार कर रहे थे। एक बाइक पर दो युवक थे, जबकि दूसरी पर एक युवक सवार था। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और तेज बहाव ने तीनों को बीच में घेर लिया।स्थिति बिगड़ते देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
एक युवक तेज बहाव में बहने लगा, पुलिस ने बचाया
रेस्क्यू के दौरान एक युवक तेज पानी की चपेट में आकर बहने लगा। मौके पर मौजूद टंडवा पुलिस के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवक को तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, अन्य दो युवकों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया।रेस्क्यू ऑपरेशन में युवकों की जान तो बच गई, लेकिन एक मोटरसाइकिल तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पुलिस ने लोगों को दी सख्त चेतावनी
टंडवा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी और पुल-पुलिया पार करने की कोशिश न करें। अचानक बढ़ता जलस्तर और तेज बहाव कुछ ही मिनटों में जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है।प्रशासन ने भी लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और नदी-नालों के पास अनावश्यक जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।


