जमशेदपुर। युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच पुलिस हिरासत में मौजूद संदेही अशोक सिंह राघव की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। सोनारी निवासी अशोक सिंह से पुलिस पिछले करीब चार दिनों से चांडिल थाने में पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान उसकी हालत गंभीर होने पर पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची।
पूछताछ के दौरान होने लगी खून की उल्टी
सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार सुबह थाने में पूछताछ के दौरान अशोक सिंह को अचानक खून की उल्टियां होने लगीं। उसकी हालत बिगड़ते देख चांडिल पुलिस आनन-फानन में उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले गई।
एमजीएम में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) लेकर पहुंची, जहां उसे क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है।
TMH में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज
फिलहाल अशोक सिंह का TMH की क्रिटिकल केयर यूनिट में इलाज चल रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस ने साधी चुप्पी, आधिकारिक बयान का इंतजार
पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। थाने में पूछताछ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने और खून की उल्टी होने के मामले पर अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच संदेही की अचानक तबीयत बिगड़ने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब पुलिस के आधिकारिक बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट से ही उसकी हालत और घटना के पूरे कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


