हेमंत शर्मा, इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से जुड़े मामले में पुलिस की जांच लगातार तेज होती जा रही है। अब इस मामले में बिल्डर सुमित मंत्री का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने कॉलोनी से जुड़े दस्तावेज, प्लॉट धारकों की सूची, टीएंडसीपी और रेरा की अनुमति समेत अन्य रिकॉर्ड के साथ पूछताछ के लिए सुमित मंत्री को बुलाया था। हालांकि, पुलिस का दावा है कि वह थाने पहुंचने के कुछ ही देर बाद बिना पूछताछ पूरी किए वहां से निकल गया।

पूछताछ से बचने के लिए फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट का आरोप

मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने दावा किया कि पूछताछ से बचने के लिए सुमित मंत्री ने मेडिकल सर्टिफिकेट का सहारा लिया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित डॉक्टर से भी पूछताछ की। डॉक्टर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुमित मंत्री उनके पास इलाज के लिए आया था और मेडिकल सर्टिफिकेट मांगा था। डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने पहले यह पूछा था कि कहीं इस सर्टिफिकेट का इस्तेमाल किसी कोर्ट या पुलिस मामले में तो नहीं होगा। जवाब में इनकार किए जाने के बाद ही सर्टिफिकेट जारी किया गया।

शुभम वैली कॉलोनी के दस्तावेज भी जांच के दायरे में

पुलिस के मुताबिक सुमित मंत्री को शुभम वैली कॉलोनी से जुड़े सभी दस्तावेज लेकर बुलाया गया था। जांच एजेंसियां कॉलोनी की स्वीकृति, टीएंडसीपी और रेरा की अनुमति सहित प्लॉट आवंटन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों का मिलान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

युवती को दो प्लॉट बेचने का मामला भी जांच में

जांच के दौरान एक युवती की शिकायत भी सामने आई है। शिकायत के अनुसार, नाना पटवारी ने डायरी के आधार पर दो प्लॉट बेचने का सौदा किया था। आरोप है कि युवती से लाखों रुपये लेने के बाद प्लॉट की कीमत बढ़ने पर केवल आंशिक राशि लौटाई गई। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने बिल्डर और उसके पिता को भी पूछताछ के लिए बुलाया था।

ऑनलाइन सट्टा गिरोह की जांच में नया मोड़

उधर, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की जांच भी लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस पहले ही इस मामले में कई आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि इस जांच में कई अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।

दोबारा बुलाया जा सकता है पूछताछ के लिए

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नाना पटवारी से जुड़े इस मामले में आगे भी पूछताछ का सिलसिला जारी रहेगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो सुमित मंत्री समेत अन्य संबंधित लोगों को दोबारा नोटिस देकर बुलाया जाएगा। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों, बयानों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m