Lifestyle Desk: गर्मी के मौसम में ठंडी और मीठी चीजें खाने का अपना अलग ही मजा होता है। बाहर की तेज धूप और उमस से राहत पाने के लिए लोग अक्सर ऐसी डिश की तलाश करते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ठंडक भी पहुंचाए। ऐसे में आम्रखंड (मैंगो श्रीखंड) एक बेहतरीन विकल्प है। महाराष्ट्र और गुजरात की यह लोकप्रिय मिठाई दही और पके हुए आम से तैयार की जाती है। इसका क्रीमी टेक्सचर और आम का लाजवाब स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बेहद आसानी से बनाया जा सकता है।आइए जानते हैं मैंगो श्रीखंड की रेसिपी ।
सामग्री
- गाढ़ा दही (हंग कर्ड)-2 कप
- पके हुए आम का पल्प-1 कप
- पिसी हुई चीनी-4-5 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर-1/2 छोटा चम्मच
- केसर के धागे -8-10
- दूध-1 बड़ा चम्मच
- कटे हुए बादाम और पिस्ता सजावट के लिए
विधि
1-सबसे पहले दही को एक मलमल के कपड़े में बांधकर 4-5 घंटे या रातभर के लिए फ्रिज में लटका दें।
2-इससे दही का अतिरिक्त पानी निकल जाएगा और गाढ़ा हंग कर्ड तैयार हो जाएगा।
3-अगर आप केसर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे एक बड़े चम्मच गुनगुने दूध में 10 मिनट के लिए भिगो दें।
4-एक बड़े बाउल में हंग कर्ड लें। इसमें आम का पल्प, पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर और भीगा हुआ केसर डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह फेंटें, ताकि मिश्रण एकदम स्मूद और क्रीमी हो जाए।
5-तैयार मिश्रण को कम से कम 1-2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। इससे इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाएगा।
6-सर्विंग बाउल में आम्रखंड निकालें और ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर सजाएं। ठंडा-ठंडा आम्रखंड परोसें।
आम्रखंड खाने के फायदे
1-दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
2-आम विटामिन ए, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत है।
3-यह डिश शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ ऊर्जा भी देती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

