Lifestyle Desk – नाश्ते में रोज़-रोज़ वही उपमा या पोहा खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं, तो अब कुछ नया और टेस्टी ट्राय करने का समय है। ऐसी डिश, जिसे बच्चे भी खुशी-खुशी खाएं और बड़े भी चाव से पसंद करें। इस लिहाज़ से सूजी पिज्जा पॉकेट्स एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं।

बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से चीज़ व स्वादिष्ट सब्जियों की फिलिंग से भरपूर ये पिज्जा पॉकेट्स स्वाद में लाजवाब हैं। सबसे खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी। नाश्ते के अलावा आप इन्हें बच्चों के टिफिन या शाम के स्नैक के तौर पर भी बना सकते हैं। अगर आप भी घर पर कुछ नया और स्वादिष्ट बनाने की सोच रहे हैं, तो नोट कर लें सूजी पिज्जा पॉकेट्स की आसान रेसिपी।

सामग्री

सूजी – 1 कप
दही – ½ कप
बारीक कटी शिमला मिर्च – ½ कप
बारीक कटा प्याज – ½ कप
उबला हुआ कॉर्न – ¼ कप
चीज़ – ½ कप
पिज्जा सॉस – 2-3 बड़े चम्मच
चिली फ्लेक्स – ½ छोटा चम्मच
ऑरिगेनो – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – जरूरत के अनुसार
तेल – सेंकने के लिए

विधि

  1. सबसे पहले एक बाउल में सूजी, दही और थोड़ा-सा नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इसे करीब 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें।
  2. अब एक दूसरे बाउल में प्याज, शिमला मिर्च, कॉर्न, चीज़, पिज्जा सॉस, ऑरिगेनो और चिली फ्लेक्स डालकर अच्छी तरह मिला लें। आपकी पिज्जा फिलिंग तैयार है।
  3. तैयार सूजी के घोल को एक बार अच्छी तरह फेंट लें। तवे को गर्म करके उस पर थोड़ा तेल लगाएं और सूजी के घोल को गोल आकार में फैलाएं। इसे हल्का-सा पकने दें।
  4. अब इसके बीच में तैयार पिज्जा फिलिंग रखें और सावधानी से इसे पॉकेट का आकार दें। दोनों तरफ थोड़ा तेल लगाकर धीमी-मध्यम आंच पर तब तक सेंकें, जब तक पॉकेट्स बाहर से सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं।
  5. गरमा-गरम सूजी पिज्जा पॉकेट्स को टोमैटो सॉस या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व करें। कुरकुरे बाहर और चीज़ी अंदर वाले ये पॉकेट्स यकीनन सभी को पसंद आएंगे।