Lifestyle Desk: शाम की चाय के साथ कुछ गरमागरम और चटपटा खाने को मिल जाए तो मजा ही अलग होता है। अगर आप भी हर बार पकौड़े, समोसे या ब्रेड पकौड़े खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार राजस्थान का मशहूर मिर्ची बड़ा बनाकर देख सकते हैं। बाहर से कुरकुरा और अंदर से मसालेदार आलू की फिलिंग वाला यह स्नैक चाय के साथ काफी पसंद किया जाता है।
राजस्थान में मिर्ची बड़ा खास तौर पर जोधपुर की पहचान से जुड़ा हुआ है। इसे घर पर बनाना भी मुश्किल नहीं है। बस सही मिर्च, मसाले और बेसन का घोल तैयार करने की जरूरत होती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री
मिर्च के लिए
- बड़ी और मोटी हरी मिर्च – 8 से 10
- उबले हुए आलू – 4 से 5
- नमक – स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर – आधा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 चम्मच
- जीरा – आधा चम्मच
- अमचूर पाउडर – आधा चम्मच
- गरम मसाला – आधा चम्मच
- हरी धनिया – बारीक कटी हुई
बेसन के घोल के लिए
- बेसन – करीब 1.5 कप
- नमक – स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर – थोड़ा
- अजवाइन – आधा चम्मच
- हल्दी – एक चुटकी
- पानी – जरूरत के अनुसार
- तलने के लिए तेल
विधि
1-मिर्ची बड़े का स्वाद उसकी फिलिंग पर काफी निर्भर करता है। इसके लिए उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें जीरा डालें। जीरा चटकने लगे तो इसमें मैश किए हुए आलू डाल दें।
2-अब नमक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, अमचूर पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालें। मिश्रण को कुछ मिनट भूनने के बाद गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।
3-अब बड़ी हरी मिर्च को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। मिर्च में लंबाई की तरफ चीरा लगाएं और उसके अंदर के बीज निकाल दें। अगर आप ज्यादा तीखा स्वाद पसंद नहीं करते हैं, तो बीज निकालना जरूरी है।
4-अब तैयार आलू की फिलिंग को मिर्च के अंदर अच्छी तरह भर दें। इसी तरह सभी मिर्च तैयार कर लें।तैयार करें बेसन का घोल
5-एक बड़े बर्तन में बेसन लें। इसमें नमक, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें।
6-घोल न तो बहुत पतला होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा। मिर्च पर बेसन की एक समान परत चढ़ सके, इतना गाढ़ापन सही रहेगा।
7-एक कड़ाही में तेल गर्म करें। भरी हुई मिर्च को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं और गर्म तेल में सावधानी से डालें। मिर्ची बड़े को मध्यम आंच पर तलें, ताकि बेसन की परत बाहर से कुरकुरी हो जाए और अंदर की फिलिंग भी अच्छी तरह गर्म हो जाए।
8-जब मिर्ची बड़ा सुनहरा और कुरकुरा दिखाई देने लगे तो इसे तेल से निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें।गरमागरम मिर्ची बड़े को हरी धनिया-पुदीना चटनी या मीठी इमली की चटनी के साथ परोस सकते हैं। ऊपर से थोड़ा चाट मसाला डालने से इसका स्वाद और बढ़ सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
मिर्ची बड़ा बनाने के लिए बहुत पतली या छोटी मिर्च के बजाय बड़ी और मोटी हरी मिर्च लेना बेहतर रहता है, क्योंकि इनमें आलू की फिलिंग आसानी से भरी जा सकती है। तेल बहुत ज्यादा तेज गर्म होने पर बेसन बाहर से जल्दी भूरा हो सकता है, जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं होगा। इसलिए इसे मध्यम आंच पर तलना बेहतर है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


