Lifestyle Desk: सावन के महीने में व्रत के दौरान साबूदाने से बनी डिशेज खाने का खास चलन है। साबूदाना खिचड़ी से लेकर साबूदाना वड़ा तक, व्रत की थाली में इससे बने पकवान आसानी से मिल जाते हैं।
हालांकि, डीप फ्राई होने की वजह से साबूदाना वड़ा उन लोगों के लिए थोड़ा भारी विकल्प हो सकता है, जो कम तेल में खाना पसंद करते हैं या अपनी डाइट को लेकर सजग रहते हैं। ऐसे में साबूदाना अप्पे एक स्वादिष्ट और हल्का विकल्प बनकर सामने आते हैं।
अगर इस सावन आप व्रत के दौरान कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ कम तेल में भी तैयार हो जाए, तो साबूदाना अप्पे जरूर ट्राई करें। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

सामग्री
- साबूदाना-1 कप
- उबले आलू-2 मध्यम आकार के
- मूंगफली-½ कप भुनी और दरदरी कुटी
- हरी मिर्च-1–2 बारीक कटी
- जीरा-1 छोटा चम्मच
- सेंधा नमक-½ छोटा चम्मच
- नींबू का रस-1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया-2 बड़े चम्मच बारीक कटा
- तेल या देसी घी-1 चम्मच
- जरूरत के अनुसार पानी
विधि
1-साबूदाने को अच्छी तरह धोकर इतना पानी डालें कि वह बस हल्का-सा डूबे। इसे 4–5 घंटे या रातभर भिगो दें। साबूदाना नरम हो जाए तो अतिरिक्त पानी निकाल दें।
2-भीगे साबूदाने में मैश किए हुए उबले आलू, कुटी मूंगफली, हरी मिर्च, जीरा, सेंधा नमक, नींबू का रस और हरा धनिया डालें।
3-सभी चीजों को हाथ से मिलाकर एक ऐसा मिश्रण तैयार करें जो आसानी से बंध जाए। अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो थोड़ा पानी डालें।
4-अप्पम पैन को मध्यम आंच पर गर्म करें और हर खाने में थोड़ा-सा तेल या देसी घी लगाएं।तैयार मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां बनाकर अप्पम पैन के खानों में रखें। ऊपर से हल्का तेल या घी लगायें।
5-अप्पों को ढककर कुछ मिनट पकाएं। जब नीचे की सतह सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो उन्हें पलट दें।
दूसरी तरफ भी सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं। जरूरत हो तो बहुत थोड़ा तेल डाल सकते हैं।
6-साबूदाना अप्पे गरमा-गरम निकालें और व्रत वाली हरी चटनी, दही या मूंगफली की चटनी के साथ परोसें।साबूदाना भिगोने के बाद उसमें पानी बिल्कुल ज्यादा न रहने दें। ज्यादा पानी होने पर अप्पे पैन में आसानी से सेट नहीं होंगे और टूट सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


