Lifestyle Desk : इन दिनों बाजार में बहुत अच्छे कच्चे आम आ रहे हैं. कई घरों में तो आम का अचार भी बन गया है. इसके अलावा कच्चे आम का पन्ना, चटनी भी हम सभी के घरों में खूब बनता है. लेकिन क्या आपने कच्चे आम का टैंगी रायता कभी खाया है? ये सच में स्वाद और सेहत का बढ़िया कॉम्बिनेशन है. इसका हल्का खट्टा, ठंडा और बहुत ही रिफ्रेशिंग स्वाद सबको भा जाता है. तो चलिए इसकी आसान रेसिपी देखते हैं.

सामग्री

कच्चा आम – 1 मध्यम (छिला और कद्दूकस किया हुआ)
दही – 1 कप (फेंटा हुआ)
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
भुना जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच
काला नमक – स्वादानुसार
सादा नमक – स्वादानुसार
चीनी – ½ छोटा चम्मच (ऑप्शनल, खट्टापन बैलेंस करने के लिए)
हरा धनिया – 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटा)
पुदीना पत्तियां – 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटी)

विधि

  1. कच्चे आम को छीलकर कद्दूकस कर लें. अगर आम बहुत ज्यादा खट्टा है, तो हल्का सा निचोड़ सकते हैं. एक बाउल में दही को अच्छी तरह स्मूद होने तक फेंट लें.
  2. फेंटे हुए दही में कद्दूकस किया हुआ आम डालें और अच्छी तरह मिला लें. इसमें भुना जीरा पाउडर, काला नमक, सादा नमक और (अगर चाहें तो) थोड़ा सा चीनी डालें.
  3. हरी मिर्च, हरा धनिया और पुदीना डालकर अच्छे से मिक्स करें. 10–15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें ताकि स्वाद और भी बढ़ जाए.
  4. ठंडा-ठंडा यह रायता दाल-चावल, खिचड़ी, पुलाव या पराठों के साथ सर्व करें—खाने का मजा दोगुना हो जाएगा.