मलकानगिरी। ओडिशा के मलकानगिरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के माथिली ब्लॉक अंतर्गत जंद्रागुड़ा गांव में एक हिंसक वन्यजीव के हमले में 4 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। गांव में बाघ के हमले की खबर से ग्रामीणों में दहशत और डर का माहौल व्याप्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार, जंद्रागुड़ा गांव के रहने वाले आइता बेटी की 4 वर्षीय बेटी सरोजिनी अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक जंगली जानवर वहां पहुंचा और बच्ची पर झपट पड़ा। वह मासूम को अपने जबड़े में दबाकर पास के जंगल की ओर घसीटने लगा।
बच्ची के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख और उनका शोर सुनकर वह जंगली जानवर बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद लोगों ने लहूलुहान हालत में बच्ची को वहां से छुड़ाया।
घायल मासूम को तुरंत माथिली सब-डिवीजन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानवर के पंजों के हमले से बच्ची की गर्दन, कंधे और पीठ पर गहरे घाव आए हैं। हालांकि, यह हमला बाघ का था या किसी अन्य हिंसक वन्यजीव का, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और जानवर के पदचिन्हों के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


