कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सोमवार को इस टिप्पणी के विरोध में देशभर में प्रदर्शन कर रही है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने खड़गे का बचाव करते हुए भाजपा पर पलटवार किया है। इस विवाद ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग को और तेज कर दिया है।

पटना में पीएम मोदी को लेकर क्या बोले मल्लिकार्जुन खड़गे?

मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।” उन्होंने यह टिप्पणी तीन बार दोहराई। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इसी बात के जवाब में खड़गे ने यह बयान दिया।

इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उस व्यक्ति की कथित तौर पर पिटाई कर दी। मामले में पटना में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह ने खड़गे से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की है।

BJP का हमला, राजनाथ सिंह ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खड़गे के बयान का वीडियो साझा कर कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता से सार्वजनिक जीवन में संयम और जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने इस तरह की बयानबाजी को अनुचित बताते हुए कहा कि इससे लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।

इमरान मसूद ने किया खड़गे का बचाव

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने खड़गे का समर्थन करते हुए भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को भी उसी भाषा में जवाब दिया जाना चाहिए, जिसका इस्तेमाल वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ करते हैं। मसूद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी को लेकर भी भाजपा नेताओं की ओर से आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती रही हैं।

पिटाई का शिकार व्यक्ति ने दी सफाई

कार्यक्रम में कथित तौर पर पिटाई का शिकार हुए संतोष ने मीडिया से कहा कि खड़गे उनकी बात ठीक से नहीं समझ पाए। उनके मुताबिक, उनका आशय था कि केवल शांत बैठने से प्रधानमंत्री सत्ता से नहीं जाएंगे, बल्कि इसके लिए विरोध और संघर्ष जरूरी है।

विवाद के बीच प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर 27 अगस्त 2025 को बिहार में हुई कथित अपमानजनक टिप्पणी का मुद्दा भी फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल, खड़गे के बयान को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m